Next Story
Newszop

AAP MLA Harmeet Singh Pathanmajra Released Video : पुलिस हिरासत से भागे पंजाब के आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को सता रहा एनकाउंटर का डर, वीडियो जारी कर दी सफाई

Send Push

नई दिल्ली। पंजाब के के पटियाला जिले के सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पुलिस हिरासत से फरार होने के एक दिन बाद वीडियो जारी किया है और अपनी सफाई दी है। इस वीडियो में आप विधायक ने पंजाब पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस उनका एनकाउंटर करना चाहती थी। पठानमाजरा ने कहा कि उन्हें एनकाउंटर का डर था और जब इस बात की जानकारी मिली कि पुलिस अधिकारी उन्हें फर्जी मुठभेड़ में मारने की योजना बना रहे हैं, तो वे भाग गए।

आप विधायक पठानमाजरा ने पुलिस पर हमला करने या गोलीबारी करने जैसी किसी भी घटना में खुद की संलिप्तता से इनकार किया है। उन्होंने अपनी ही पार्टी वाली आप सरकार पर आरोप लगाया कि उनको पकड़ने के लिए 500 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान का शुक्र है जो मैं बच गया वर्ना मेरा फर्जी एनकाउंटर हो सकता था। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस के साथ झड़प संबंधी सभी खबरों को खारिज करते हुए बेबुनियाद करार दिया है। इससे पहले उन्होंने दिल्ली आप लॉबी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए भगवंत मान सरकार पर भी निशाना साधा था।

आपको बता दें कि आप विधायक पठानमाजरा के खिलाफ उनकी ही पूर्व पत्नी ने रेप का मुकदमा दर्ज कराया है। इसी मामले में पंजाब पुलिस ने हरियाणा के करनाल के डबरी गांव से कल यानी मंगलवार को आप विधायक को गिरफ्तार किया था। पुलिस जब विधायक को गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी तभी उनके कुछ समर्थकों ने रास्ते में फायरिंग कर दी और मौके का फायदा उठाकर आप विधायक एक स्कॉर्पियो कार में सवार होकर भाग निकले। पुलिस ने हालांकि उनका पीछा किया मगर उनको पकड़ने में असफल रही। यह भी बताया गया था कि फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। पुलिस फिलहाल आप विधायक की तलाश में छापेमारी कर रही है।

The post AAP MLA Harmeet Singh Pathanmajra Released Video : पुलिस हिरासत से भागे पंजाब के आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को सता रहा एनकाउंटर का डर, वीडियो जारी कर दी सफाई appeared first on News Room Post.

Loving Newspoint? Download the app now