रामगढ़ में शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मंडप सज चुका था और महिलाएं मंगलगीत गा रही थीं। घर वाले और बाराती स्वागत की तैयारियों में लगे थे। निर्धारित समय पर बारात आई और दूल्हे का स्वागत किया गया। दूल्हा मंडप पर पहुंचा और विवाह की रस्में शुरू हुईं। तभी, मंडप के पास बैठी महिलाओं को दूल्हे के रूप-रंग और व्यवहार में कुछ असामान्य लगा। इसके बाद हंगामा मच गया। जब सच सामने आया, तो दुल्हन पक्ष के लोग हैरान रह गए। दरअसल, जिस दूल्हे के साथ वे अपनी बेटी को विदा करने वाले थे, वह असल में एक लड़की थी। यह घटना झारखंड के रामगढ़ जिले की है।
दूल्हा बनी युवती के व्यवहार ने उठाए सवाल
जानकारी के अनुसार, यह घटना गोला थाना क्षेत्र के जारीडीह गांव में हुई। यहां एक लड़की दूल्हे के कपड़े पहनकर दूसरी लड़की से शादी करने आई थी। मंडप में रस्मों के दौरान, जब महिलाओं को दूल्हे के व्यवहार पर संदेह हुआ, तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं ने दूल्हे से कहा कि उसे साबित करना होगा कि वह लड़का है। दबाव में आकर, दूल्हे को अपने कपड़े उतारने पड़े। जैसे ही महिलाओं को पता चला कि दूल्हा वास्तव में एक लड़की है, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
लड़की पक्ष को धोखे का कैसे नहीं पता चला?
यह सवाल उठता है कि दुल्हन पक्ष को इस बड़े धोखे का पहले से पता क्यों नहीं चला। बताया जा रहा है कि दूल्हा बनी युवती ने शादी से पहले दुल्हन के परिवार से मुलाकात नहीं की थी। दोनों पक्षों के बीच सारी बातचीत फोन पर हुई थी। शादी कराने वाले ने दुल्हन के परिवार को बताया था कि दूल्हा बाहर काम करता है और शादी के दिन ही आएगा। यह भी कहा गया कि सभी रस्में एक ही दिन में पूरी की जाएंगी। हैरानी की बात यह है कि दुल्हन पक्ष ने दूल्हे की तस्वीर भी नहीं देखी थी।
पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया
फिलहाल, पुलिस ने दूल्हा बनी युवती को दुल्हन पक्ष की शिकायत पर हिरासत में ले लिया है। पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवती कहां की रहने वाली है और उसकी मंशा क्या थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और इसके बाद सभी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। इस घटना को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है, लेकिन सच्चाई अभी भी सामने आनी बाकी है।